बिलासपुर, 04 सितंबर 2026। केंद्रीय जेल बिलासपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर जेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण, झूले और धार्मिक सजावट ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन में सहभागिता की। इस दौरान जेल में निरुद्ध बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ मटकी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम के दौरान जेल परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
विधायक अमर अग्रवाल ने बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बंदियों से सकारात्मक सोच अपनाने और अच्छे आचरण के साथ जीवन में नई शुरुआत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बंदियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक श्रीमती कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







