जांजगीर-चांपा।Vioce RA : जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सब्जी बाड़ी में काम कर रहे थे लोग
मिली जानकारी के मुताबिक, महुदा क्षेत्र में कुछ लोग सब्जी बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया। आसमान में बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश और खराब मौसम के बीच लोग बचने के लिए पास की जगह पर रुके थे।
इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है।
तीन मौतों से गांव में पसरा मातम
एक ही घटना में तीन लोगों की जान जाने से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर दिया है।
मौसम में बदलाव के दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचना चाहिए।







