कोरबा( VOICE RA)
कोरबा जमनीपाली-पचपेड़ी मार्ग पर कोल वाशरी और कोल डिपो से आने-जाने वाले भारी वाहनों के कारण ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं।
बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन रही है, जबकि गर्मी के मौसम में उड़ने वाली धूल से राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कोल वाशरी से निकलने वाला दूषित पानी खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलों और कृषि भूमि के प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, नियमित पानी का छिड़काव कराने तथा वाशरी से निकलने वाले पानी की जांच कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायतों पर प्रशासन और संबंधित विभाग कब तक कार्रवाई करते हैं और सड़क एवं प्रदूषण की समस्या से उन्हें राहत मिलती है।







