रायपुर।(Voice RA News) डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से एक नवजात शिशु को समय पर चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा मिल सकी। घटना ने आपात परिस्थितियों में पुलिस की तत्परता के साथ मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल भी पेश की है।
मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है। मोनेट रोड स्थित चिरकुटहीन माता मंदिर के पास सोमवार सुबह लगभग 10 दिन का नवजात शिशु लावारिस अवस्था में मिला। इसकी जानकारी मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6:37 बजे डायल-112 टीम को सूचना मिली थी कि चिरकुटहीन माता मंदिर के पास एक नवजात शिशु पड़ा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुँचने के बाद टीम ने नवजात को सावधानीपूर्वक उठाया और उसकी स्थिति को देखते हुए बिना समय गंवाए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मंदिर हसौद पहुँचाया। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों द्वारा बच्चे की जाँच कर आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
नवजात को मंदिर के पास कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियाँ थीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ मामले की जाँच में जुटी है।
डायल-112 टीम की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण नवजात को समय पर उपचार तथा सुरक्षित आश्रय मिल सका। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम के इस मानवीय कार्य की सराहना की है।







