बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मुरुम खदान में बने तालाब के पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला। शव नजर आते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार, पेंडारी स्थित मुरुम खदान के तालाब में ग्रामीणों ने पानी के ऊपर एक महिला का शव तैरता देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर सकरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। महिला तालाब तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।







