गरियाबंद voice RA : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से पति-पत्नी की मौत का दुखद मामला सामने आया है। अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव में प्रेम विवाह करने वाले दंपती के शव घर के अंदर फंदे पर मिले। दोनों ने करीब एक साल पहले लव मैरिज की थी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

एक साल पहले मिलाप और मंजुला ने की थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, भेजीपदर गांव निवासी मिलाप ध्रुव और मंजुला ध्रुव ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि मिलाप ने कुछ समय पहले भी किसी बात से परेशान होकर जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। इसके बाद अब उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत के बाद पत्नी मंजुला ने भी फांसी लगाकर जान दे दी।
घर के अंदर फंदे पर मिले शव
सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अमलीपदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पति-पत्नी द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।







