Voice RA News | कोरबा। : सोशल मीडिया पर शराब पीने की तस्वीर वायरल करने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग की मौत तक पहुंच गया। जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के महगवां डांड जटगा में शराब के नशे में एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की डंडे और लात-घूंसों से कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान 64 वर्षीय प्रसाद सिंह नेटी के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी जुरान बाई के साथ गांव में रहता था। घटना 18 अगस्त की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। उस समय प्रसाद की पत्नी मायके गई हुई थी और वह घर पर अकेला था।
घर की दहलीज पर बैठकर पी रहे थे महुआ शराब
जानकारी के अनुसार, प्रसाद के दो दोस्त हीरासिंह नेटी और समारू उर्फ बबलू नेटी उसके घर पहुंचे थे। तीनों घर की दहलीज पर बैठकर मछली के साथ महुआ शराब पी रहे थे।
इसी दौरान गांव का युवक राहुल नेटी वहां से गुजरा। बताया जा रहा है कि उसने तीनों को शराब पीते देखकर मोबाइल से उनकी तस्वीर खींच ली और सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहते हुए वहां से चला गया।
फोटो खिंचवाने का आरोप लगाकर शुरू हुआ विवाद
इसके बाद माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि नशे में समारू ने प्रसाद पर शक जताया कि उसी ने राहुल को बुलाकर उनकी तस्वीर खिंचवाई है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर समारू ने कथित रूप से घर में रखे डंडे से प्रसाद पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने प्रसाद को डंडे से इतना पीटा कि डंडा टूट गया। इसके बाद उसे जमीन पर पटककर लात-घूंसों से भी मारपीट की गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्त से भी मारपीट
अपने दोस्त प्रसाद को पिटते देखकर हीरासिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि समारू ने उसके साथ भी मारपीट की। डर के कारण हीरासिंह वहां से अपने घर चला गया और बाद में ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
पूरी रात घायल हालत में घर में पड़ा रहा प्रसाद
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल प्रसाद पूरी रात अपने घर में पड़ा रहा। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज जारी था, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस मामले में घटना के कारण, मारपीट की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







