धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र से एक 26 वर्षीय युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। ग्राम बिजनापुरी निवासी सेवत कुमार साहू, जो एलएलबी का छात्र है, 15 अगस्त को नेपाल घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। यात्रा के दौरान वह लगातार परिजनों के संपर्क में था, लेकिन 20 अगस्त की शाम अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद से युवक का कोई पता नहीं चल सका है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 22 अगस्त को सेवत के मोबाइल नंबर पर फोन करने पर अमन गुप्ता नामक व्यक्ति ने फोन उठाया। उसने बताया कि मोबाइल उसे प्रयागराज जिले के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला है। मोबाइल दूसरे व्यक्ति के पास मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। आखिर सेवत का मोबाइल प्रयागराज में रेलवे फाटक के पास कैसे पहुंचा और युवक खुद कहां चला गया, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
15 अगस्त को नेपाल जाने की बात कहकर निकला था
जानकारी के मुताबिक, सेवत कुमार साहू 15 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे अपने घर से नेपाल घूमने जाने की बात कहकर निकला था। शुरुआत में वह परिजनों के संपर्क में रहा और यात्रा के दौरान फोन पर अपनी जानकारी देता रहा। परिवार को भी किसी तरह की अनहोनी की आशंका नहीं थी।
पिता से मांगे 700 रुपये
19 अगस्त को सेवत ने अपने पिता को फोन कर यात्रा के दौरान पैसों की जरूरत होने की बात कही। इसके बाद उसके पिता ने फोन-पे के जरिए 700 रुपये उसके खाते में भेजे। अगले दिन 20 अगस्त को भी सेवत की परिजनों से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने बताया था कि वह बनारस से आगे सफर कर रहा है।
इसके बाद उसी शाम अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। शुरुआत में परिवार ने इसे नेटवर्क की समस्या या मोबाइल की बैटरी खत्म होने की वजह माना, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी सेवत का फोन नहीं आया तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी।
प्रयागराज में रेलवे फाटक के पास मिला मोबाइल
22 अगस्त को परिजनों ने सेवत के मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क किया। इस बार फोन किसी और व्यक्ति ने उठाया। उसने अपना नाम अमन गुप्ता बताया और कहा कि उसे यह मोबाइल प्रयागराज जिले के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला है।
मोबाइल मिलने की जानकारी के बाद परिवार ने अपने स्तर पर सेवत की तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
4 सितंबर को थाने पहुंचा परिवार
कई दिनों तक तलाश करने और युवक से संपर्क नहीं होने के बाद सेवत के पिता 4 सितंबर को कुरूद थाने पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला जांच में लिया है।
पुलिस अब युवक की यात्रा से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ उसके मोबाइल की आखिरी गतिविधियों और प्रयागराज में मोबाइल मिलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
फिलहाल सेवत के परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि 20 अगस्त को परिवार से बातचीत के बाद सेवत आखिर कहां गया और उसका मोबाइल प्रयागराज के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास किन परिस्थितियों में पहुंचा। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है।







