जांजगीर-चांपा के देवरी पिकनिक स्पॉट पर बड़ा हादसा: नदी के तेज बहाव में बहे 3 छात्र, 5 दोस्त सुरक्षित
पंतोरा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध देवरी पिकनिक स्पॉट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया।
रवि कुमार · · 11 सितंबर 2026 को 12:02 pm बजे
जांजगीर-चांपा (Voice RA news) पंतोरा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध देवरी पिकनिक स्पॉट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बिलासपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे 8 दोस्तों का एक दल पिकनिक मनाने यहां पहुंचा था। नदी में नहाने के दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से तीन छात्र बह गए, जबकि उनके पांच साथी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी 8 दोस्त शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे देवरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान कुछ दोस्त नदी में नहाने उतरे। इसी दौरान पानी का बहाव तेज होने से तीन छात्र खुद को संभाल नहीं पाए और बह गए।
तीन छात्रों की पहचान
बहने वाले छात्रों की पहचान सचिन सिंग निवासी अंबिकापुर, पवन पाल निवासी चिरमिरी और मुरारी साहू निवासी कवर्धा के रूप में बताई जा रही है। तीनों बिलासपुर जिले में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और संबंधित टीम मौके पर पहुंची तथा छात्रों की तलाश शुरू की गई। हादसे के बाद पिकनिक स्पॉट पर मौजूद लोगों और छात्रों के साथियों में चिंता का माहौल है।
पांच दोस्त सुरक्षित
बताया जा रहा है कि पिकनिक मनाने कुल 8 दोस्त आए थे। इनमें से तीन नदी के तेज बहाव में बह गए, जबकि पांच दोस्त सुरक्षित हैं। घटना पंतोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी पिकनिक स्पॉट की बताई जा रही है।