जांजगीर-चांपा थाना बलौदा क्षेत्र के सोनार मोहल्ले में घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15.80 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 7 हजार रुपये नगद बरामद किया है।



पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात बलौदा के वार्ड क्रमांक-7 स्थित सोनार मोहल्ले में हुई थी। प्रार्थी नवीन सोनी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह उठने पर उन्हें कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। इसके बाद घर के दूसरे कमरे में जाकर देखने पर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब मिली। घटना की सूचना तत्काल बलौदा पुलिस को दी गई।
सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर से मिली सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद से संदिग्धों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामले में शामिल 3 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया।
चोरी का माल खरीदने वाला सोनार भी गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई में चोरी के जेवरात खरीदने वाले सुमित अग्रवाल निवासी अकलतरा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹15.80 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और ₹7,000 नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के बाद फरार हो गए थे। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश किया।
बलौदा पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदात का खुलासा होने के साथ ही चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े व्यक्ति तक भी पुलिस पहुंचने में सफल रही।







